एटा के जलेसर तहसील परिसर में बुधवार को शपथ समारोह का आयोजन किया गया। यूपी बार काउंसिल के चेयरमैन शिव किशोर गौड़ ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अधिवक्ताओं की शंकाओं का समाधान करते हुए यूपी बार काउंसिल के चेयरमैन ने कहा कि बदलते परिवेश में अधिवक्ताओं की निष्ठा दलगत होती जा रही है जो गलत है। अधिवक्ताओं को सिर्फ काले कोट का ध्यान रखना है। उन्होंने कभी अधिवक्ताओं के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया। अधिवक्ता हित में अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं लागू कीं। साथ ही सहायता धनराशि में वृद्धि कर अधिवक्ताओं और उनके परिजन को मजबूती देने का काम किया। अधिवक्ताओं ने माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न देकर उनका स्वागत किया। समारोह की अध्यक्षता रामप्रकाश सिंह एवं संचालन सुनील कुमार सिंह ने किया। समारोह में नवनिर्वाचित रामेश्वर सिंह यादव को अध्यक्ष, द्विजेंद्र सिंह यादव को सचिव, दयाराम सिंह यादव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुरेंद्रदेव पाठक एवं उत्साह भारद्वाज कष्कनिष्ठ उपाध्यक्ष, नवनीत यादव को कोषाध्यक्ष, धनपाल सिंह बघेल एवं मामूर अली को संयुक्त सचिव, अनिल यादव ऑडीटर, मृगेंद्रपाल सिंह को पुस्तकालय अध्यक्ष के पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। वहीं मुन्ने खां, भगवतीप्रसाद, कृष्णकुमार सिंह, मुन्नेश पाल सिंह, ज्ञानेश ने सदस्य पद की शपथ ली। समारोह में अलीगंज बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, अध्यक्ष शेषकुमार तिवारी, राकेश यादव, आलोक कुमार, सुनील यादव, विकेंद्र उपाध्याय, पुरुषोत्तम सिंह यादव, जेपी सिंह, केपी सिंह, लायक सिंह यादव आदि अधिवक्ता भी मौजूद रहे।