एटा के अवागढ़ में डीएपी खाद की किल्लत से किसान परेशान बने हुए हैं। बुधवार को जलेसर रोड स्थित एटा केंद्रीय थोक उपभोक्ता भंडार की शाखा पर डीएपी का वितरण किया। इसके लिए सुबह से ही किसानों की कतारें लग गईं। सुबह से शाम तक कतारों में किसान जूझते रहे, इसके बावजूद कई किसानों को डीएपी नहीं मिली। नगला रूपी के सचिन ने आरोप लगाया कि हम लोग एक-एक बोरी के लिए कतारों में खड़े हैं और बिना कतार के चार-पांच बोरी कालाबाजारी कर दी जा रही हैं। बरा भौड़ेला निवासी उमाशंकर ने बताया कि सुबह 6 बजे लाइन में लग गए थे, 11 बजे तक डीएपी नहीं मिल सकी है। संपर्क वाले लोगों और ब्लैक के आधार पर कई-कई बोरी खाद दी जा रही है।