चंदौली जिले में दुलहीपुर विकास क्षेत्र नियामताबाद के प्राथमिक विद्यालय पुरैनी में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को संचारी रोगों से बचाव की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का शुभारंभ प्रधानाध्यापक संजय यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने शपथ ली कि “हम सब ने ठाना है, चंदौली से संचारी रोग भगाना है।” प्रधानाध्यापक ने कहा कि संचारी रोग परिवार के लिए अभिशाप हैं, जिनसे आर्थिक और शारीरिक दोनों प्रकार की हानि होती है। उन्होंने बताया कि इन रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण और जनजागरूकता है। स्कूल चलो अभियान की रैली में छात्र-छात्राओं ने “पढ़ी-लिखी नारी, हर घर की उजियारी”, “दीप से दीप जलाएंगे, शिक्षा की अलख जगाएंगे”, “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे”, “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ”, “लड़की-लड़का एक समान, पढ़ने का सबको अधिकार” तथा “सब पढ़ें, सब बढ़ें” जैसे प्रेरक नारे लगाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर मनोरमा मौर्य, निधि त्रिपाठी, अनीता यादव, मधुबाला सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।