कृषि में नवाचार की दिशा में चंदौली के काला चावल फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी ने एक अनोखा प्रयोग किया है। कंपनी के अधिशासी निदेशक शशिकांत राय ने बिना जोताई और गेहूं की ठूंठ जलाए ही खेत में मूंग की बोआई कर नई पहल की है। इस प्रयोग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे किसान सराह रहे हैं। वायरल वीडियो में र्फेस सीडर मशीन के जरिए गेहूं के अवशेष (ठूंठ) को बिना हटाए सीधे मूंग की बुवाई करते दिखाया गया है। आमतौर पर किसान फसल अवशेष जलाकर खेत तैयार करते हैं, लेकिन इस तकनीक में न तो पराली जलाई गई और न ही खेत की जुताई की गई। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवकांत सिंह ने बताया कि यह प्रयोग खेती में लागत घटाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कंपनी लगातार किसानों के उन्नयन के लिए नए प्रयोग कर रही है। अधिशासी निदेशक शशिकांत राय ने उम्मीद जताई कि यदि यह प्रयोग सफल रहा तो किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन का विकल्प मिलेगा और पराली जलाने की समस्या पर भी काफी हद तक रोक लग सकेगी।