धानापुर कस्बा स्थित बउरहवा बाबा मंदिर के समीप बुधवार को दिन के दो बजे के करीब उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वहां लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में आग लग गई। कुछ ही देर में ट्रांसफार्मर धू-धूकर जलने लगा। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रांसफार्मर में आग लगने की वजह से पूरे बाजार क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज होकर आसपास की दुकानों तक पहुंचने लगीं थीं जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। स्थानीय बाजार में विद्युत आपूर्ति के लिए यूनियन बैंक के ठीक सामने 250 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर से काफी दिनों से तेल का रिसाव हो रहा था। इसकी सूचना उन्होंने कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों को दी लेकिन किसी ने इसपर ध्यान नहीं दिया। इसका परिणाम यह हुआ कि ट्रांसफार्मर में आग लग गई। दिन के समय ट्रांसफार्मर में आग लगने से आसपास खड़े लोग अपनी बाइक और अन्य वाहनों को बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ने लगे। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस और विद्युत विभाग के कर्मचारी पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद सूचना पर पहुंचे अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाया। ट्रांसफार्मर में आग लगने से पूरे बाजार क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। इस संबंध में विद्युत निगम के जेई घनश्याम ने बताया कि जले ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल कर दी जाएगी।