चहनियां विकासखंड के टांडाकला क्षेत्र अंतर्गत रमदत्तपुर गांव के किसान छुट्टा आवारा पशुओं से बुरी तरह परेशान हैं। फसलों को हो रहे नुकसान को लेकर किसान रात-दिन चिंता में डूबे रहते हैं। किसानों का कहना है कि किसी भी समय आवारा पशु खेतों में घुसकर दलहन, तिलहन और गेहूं की फसल को बर्बाद कर सकते हैं। किसानों के अनुसार, कड़ाके की ठंड में भी उन्हें चादर ओढ़कर और लाठी लेकर रात में खेतों की रखवाली करनी पड़ती है। थोड़ी सी भी लापरवाही हुई तो आवारा पशु खेतों में घुसकर पूरी फसल चौपट कर देते हैं, जिससे मेहनत और लागत दोनों पर पानी फिर जाता है। ग्रामीण किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़वाकर गौशालाओं में भिजवाया जाए। इससे न केवल फसलों की सुरक्षा होगी, बल्कि किसानों को इस गंभीर समस्या से राहत भी मिलेगी। किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो सकता है।