नौगढ़ पुलिस ने गांजा तस्करी गैंग का पर्दाफाश किया है और दस लाख का गांजा पकड़ा है। नौगढ़ सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि रात में मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर पिकअप वैन पर अवैध गांजा लादकर बिहार से मथुरा जाने वाले हैं। सूचना पर थाना प्रभारी कृपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर चकरघट्टा बॉर्डर के पास कहुअवा घाट पुल पर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान शाहपुर-मगरही मार्ग से एक तेज रफ्तार पिकअप वैन आती दिखी। पुलिस ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक तेजी से नौगढ़ की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया और पकड़े जाने पर जब वैन की तलाशी ली गई तो 85 किलो 220 ग्राम गांजा मिला। बरामद गांजे की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। एक तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान नागेंद्र कुमार (निवासी नगलारुंध, थाना हाथरस जंक्शन) और श्रवण कुमार (निवासी डूमरकोन, थाना अधौरा, जिला कैमूर, भभुआ बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे कई सालों से बिहार के अधौरा इलाके से गांजा खरीदकर मथुरा के मठों में सप्लाई करते आ रहे थे। इसके अलावा वे गांजे के छोटे-छोटे पैकेट बनाकर अन्य जगहों पर भी बेचते थे। तस्करी से होने वाली कमाई से वे अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने फरार तस्कर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर फरार तस्कर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है और पता लगा रही है कि गांजे की सप्लाई के लिए कौन-कौन से और रास्तों का इस्तेमाल किया जाता था।