बलुआ थाना क्षेत्र के चकरा ग्राम सभा में जमीन के बंटवारे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सगे भाइयों के बीच चले लाठी-डंडे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। चकरा ग्राम सभा निवासी बनारसी यादव (60) और उनके छोटे भाई बुल्लू यादव (45) के बीच लंबे समय से पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीते सोमवार को विवाद इतना बढ़ा कि बुल्लू यादव ने अपनी पत्नी और 20 वर्षीय पुत्र के साथ मिलकर बड़े भाई बनारसी यादव के घर पर लाठी-डंडे से अचानक हमला बोल दिया।