पं.दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल की ओर से अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष आयोजन किया गया। यूरोपियन कॉलोनी स्थित बाॅकले अधिकारी क्लब परिसर में आयोजित समारोह में स्टाफ बेनिफिट फंड से रेलकर्मियों के 125 बेटियों को साइकिल वितरित की गई। वहीं पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की ओर से 23 महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबधक उदय सिंह मीना ने सभी को सम्मानित किया। इस मौके पर डीआरएम ने कहा कि बालिकाओं को साइकिल वितरित करने की पहल का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक उनके आवागमन को सुगम बनाना है। साइकिल प्राप्त करने वाली बालिकाओं के चेहरों पर दिख रही मुस्कान उनके उत्साह, खुशी और नए आत्मविश्वास को स्पष्ट रूप से दर्शा रहा है। वहीं 23 महिला कर्मचारी भी प्रमाण पत्र पाकर खिल उठीं। इस मौके पर महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष चित्रा सिंह, एडीआरएम दिलीप कुमार, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी उज्ज्वल आनंद, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन, वरीय मंडल वित्त प्रबंधक राहुल राज, ईसीआरईयू के मंडल सचिव डीके मिश्र, मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, उपाध्यक्ष सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।