बुलंदशहर के खुर्जा में अगवाल कट तिराहे के पास प्लॉट में बृहस्पतिवार दोपहर को अज्ञात युवक का लहूलुहान शव पड़ा मिला। इसमें युवक को चेहरे को ईंट से बुरी तरह कुचल रखा था और वहीं खून से सनी ईंट भी मिली। मौके पर पहुंच कर पुलिस टीम ने जांच पड़ताल की और शव की शिनाख्त शुरू कर दी है। अगवाल गांव निवासी आसिफ ने बताया कि जीटी रोड पर कट के पास उनका प्लॉट है। बृहस्पतिवार दोपहर को वह अपने प्लॉट पर काम से आए थे। वहां पर शव को देख पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना पुलिस टीम पहुंच गई। वहीं पुलिस ने फोरेंसिक को सूचना दी। मौके पर पहुंच कर फोरेंसिक ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आस-पास के गांवों से पूछताछ की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मौके पर एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह और सीओ शोभित कुमार भी पहुंचे। एसपी देहात ने बताया कि प्रथम दृ़ष्टया मृतक के चेहरे पर चोट के निशान सामने आए हैं। शव को पोस्टमार्टम पर भेज दिया है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। शव की शिनाख्त प्रयास किया जा रहा है।