बदायूं के उघैती थाने में थानाध्यक्ष के कक्ष में भाजपा के उघैती मंडल अध्यक्ष के सामने सिपाही और एक व्यक्ति के बीच हुए लेनदेन का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। इससे पुलिस और भाजपा के मंडल अध्यक्ष सवालों के घेरे में हैं। बिल्सी के सीओ ने छानबीन शुरू कर दी है। दो वीडियो सामने आए हैं। इसमें एक 32 सेकेंड और दूसरा एक मिनट दो सेकेंड का है। वीडियो के अनुसार सिपाही संजीव कुमार हैं लेकिन वर्दी में नहीं हैं। सादा कपड़े पहने हैं। उसके साथ एक व्यक्ति भी मौजूद है, जिसके हाथ में मोबाइल है। माना जा रहा है कि उसने ही यह वीडियो बनाया। सिपाही व अन्य व्यक्ति एक साथ एसओ के कक्ष में दाखिल हुए हैं। उस दौरान एसओ की मेज की ओर एक तरफ भाजपा के मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा बैठे हुए हैं। दूसरी तरफ सफेद पाजामा और गेरुआ रंग का कुर्ता व कोटी पहने एक व्यक्ति बैठा है। सिपाही मंडल अध्यक्ष के पास ही खड़ा होकर रुपये गिनता है। तभी मंडल अध्यक्ष ने दूसरी तरफ बैठे व्यक्ति की ओर इशारा किया है और सिपाही ने उसी व्यक्ति को रुपये दिए हैं। रुपये लेने वाले का चेहरा साफ तौर से रिकार्ड नहीं हुआ है। यह व्यक्ति कौन था, उसके बारे में कोई बताने को तैयार नहीं है।