बदायूं के कुंवरगांव नगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक मकान में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम व कुंवरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे, जबकि पुलिस ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया और लोगों को दूर रखा। आग बुझाने के दौरान मकान के भीतर रखे घरेलू सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।