बदायूं जिले के 16 केंद्रों पर सिपाही भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया। सिपाही भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन पहली पाली में 4225 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जबकि 1350 गैर हाजिर रहे। पहली पारी में सचल दल लगातार परीक्षा केंद्रों पर सक्रिय रहे। पहली पारी में परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से हुई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी परीक्षा के दौरान भ्रमण पर रहे। परीक्षा केंद्र के आसपास 100 मीटर की परिधि में किसी को भी नहीं खड़ा होने दिया, हालांकि यातायात व्यवस्था केंद्रों के सुचारू रही। परीक्षा देकर बाहर आए अलीगढ़ निवासी मोहित शर्मा ने बताया कि परीक्षा में गणित के अलावा सामान्य ज्ञान के भी कुछ सवाल कठिन आए हैं, निगेटिव मार्किंग होने की वजह से कई प्रश्नों को छोड़ना पड़ा। मुरादाबाद निवासी श्याम माहेश्वरी ने बताया कि पिछली बार की अपेक्षा इस बार सामान्य ज्ञान के सवाल काफी आसान रहे। यही हाल हिंदी का भी था लेकिन गणित में इस बार परेशान किया।