बिजनौर के जलीलपुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से जलीलपुर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों में फिर से पानी घुस गया है। मंगलवार को गांवों की पगडंडियों और फसलों में जलभराव बढ़ने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गईं। गांववासियों ने बताया कि मीरापुर सीकरी और रायपुर खादर की आबादी तक गंगा का पानी पहुंच गया है। रायपुर खादर की महिलाएं दो किलोमीटर तक पानी से होकर गांव पहुंचीं। उन्होंने बताया कि गांव में नाव की कोई व्यवस्था नहीं है और न ही राशन की आपूर्ति हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि घरों में रखा भूसा भी पानी में भीगकर नष्ट हो गया है, जिससे पशुओं के चारे की भारी समस्या खड़ी हो गई है। आठ गांवों के रास्ते जलमग्न होने से कार और बाइक का आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत राहत सामग्री, नाव और चारे की व्यवस्था कराने की मांग की है।