धामपुर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस तिराहा के निकट स्थित किराएदार और दुकान मालिक के बीच रविवार को किराए को लेकर मारपीट हो गई थी। एक पक्ष के लोगों ने किराएदार के सामान को दुकान से निकलकर सड़क पर फेंक दिया था, जिसे बाद में पुलिस ने दुकान के भीतर रखवा दिया। मारपीट के दौरान किराएदार अमित कुमार गुप्ता चोटिल हो गए थे, जिनका उपचार बिजनौर के एक अस्पताल में चल रहा है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई थी। सोमवार को मकान मालिक पिंकी रानी राजपूत एवं उनके परिवार के लोगों ने किराएदार से दुकान को खाली कराने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया है। पिंकी राजपूत का कहना है कि पुलिस किराएदार के पक्ष में काम कर रही है। पिंकी रानी के पक्ष में हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी डॉक्टर एनपी सिंह, जयवीर सिंह सिसोदिया, भूपेंद्र सिंह, धर्मेंद्र कुमार, ऐश्वर्या चौधरी, मीनू सिसोदिया आदि काफी लोग शामिल रहे। सीओ अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।