औराई ब्लॉक क्षेत्र के भवनाथपट्टी गांव में मंगलवार को कोटा आवंटन की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। एक समूह को दुकान देने को लेकर 11 दावेदारों ने विरोध शुरू कर दिया। इसको लेकर माहौल गर्म हो गया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मयफोर्स पहुंच गए। चार सदस्यीय टीम ने ग्रामीणों से कहा कि आप लोग 15 दिन के अंदर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। औराई के भवनाथपट्टी में काफी दिनों से कोटे की दुकान खाली चल रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को पंचायत भवन में कोटा आवंटन को लेकर बैठक बुलाई गई। जिसके लिए औराई ब्लॉक से चार सदस्यीय टीम एडीओ संतोष कुमार, एडीओ पंचायत धीरेंद्र यादव, प्रमोद कुमार सिंह और सचिव सुनील कुमार चुनाव कराने पहुंचे। दुकान के लिए 11 लोगों ने आवेदन किया है। चुनाव के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रथम वरीयता समूह को दिया जाएगा। यह बात सुनकर दावेदार नाराज हो गए और विरोध करना शुरू कर दिया। मामला गंभीर होते देख टीम के अधिकारियों ने पुलिस को बुलाया। प्रभारी निरीक्षक औराई रामसरीख गौतम ने लोगों को समझाया। ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने बताया कि आवंटन को लेकर आप सब 15 दिन के अंदर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद पुनः सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का चुनाव कराया जाएगा। प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि प्रधान और अधिकारियों के मिलीभगत से गड़बड़ी की जा रही है।