गोपीगंज जिले में ग्राहक सेवा केंद्र भी सुरक्षित नहीं है। शुक्रवार की रात चोरों ने झिलियापुर आजादनगर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र का ताला तोड़कर 40 हजार नकद एवं डीवीआर उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया। तीन दिन पूर्व औराई में भी एक केंद्र पर चोरी की घटना हुई थी। गोपीगंज के चूडि़हारी मोहाल निवासी आदिल ने बताया कि वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। शनिवार को सुबह दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो देखा मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर मेज की दराज से लगभग 40 हजार रुपये नकद और पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे का हार्ड डिस्क भी उठा ले गए। इतना ही नहीं चोरों ने आसपास के पड़ोसियों के घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए और बगल के एक मकान का ताला भी तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई के लिए थाने बुलाया। पीड़ित ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया।