माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के प्रधान सहायक के निलंबन के विरोध में बरेली क्षेत्रीय कार्यालय के कर्मचारियों ने जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जब तक निलंबन आदेश निरस्त नहीं हो जाता। तब तक कार्यालय में ताला डालकर वे प्रदर्शन करते रहेंगे। साथ ही शासकीय कार्य नहीं करेंगे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद कर्णिक संघ की जिला इकाई के क्षेत्रीय अध्यक्ष केशव कुमार सेन के अनुसार माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद में पवन कुमार भारतीय प्रधान सहायक हैं। वह उच्च न्यायालय में विभाग की ओर से पैरवी के लिए संबद्ध हैं। उन्हें सचिव ने बिना कारण बताए निलंबित कर दिया है। इसके विरोध में बुधवार को कर्मचारियों ने कार्यालय भवन के मुख्य द्वार पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। क्षेत्रीय कार्यालय सचिव को ज्ञापन देकर कहा कि जब तक निलंबन आदेश निरस्त नहीं किया जाता है। वे तब तक कार्यालय का कोई कार्य नहीं करेंगे। साथ ही बरेली क्षेत्रीय कार्यालय से मुख्य कार्यालय प्रयागराज व अन्य कार्यालयों में संबद्ध किए गए कर्मचारियों को कार्यमुक्त का आदेश पारित किया जाए। उन्हें बरेली क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यभार ग्रहण कराया जाए। ऐसा नहीं होने पर प्रदर्शन जारी रहेगा। दरअसल आरोप है कि एक प्रकरण में प्रयागराज के सचिव की लापरवाही से अवमानना हुई थी, लेकिन सचिव ने कर्मचारी को निलंबित कर दिया।माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय सचिव डॉ. नीरज कुमार पांडे ने बताया कि प्रधान सहायक के निलंबन के विरोध में कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मागों को सुना गया, बाद में प्रदर्शन बंद कर दिया गया।