बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के राजश्री मेडिकल कॉलेज ने इंडियन नर्सिंग काउंसिल (आईएनसी) से मान्यता के बिना ही बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष में सौ विद्यार्थियों का प्रवेश ले लिया। प्रवेश के नाम पर उनसे डेढ़ करोड़ रुपये (प्रति छात्र डेढ़ लाख) वसूले गए। इससे नाराज विद्यार्थियों ने सोमवार को कॉलेज में मुख्य द्वार पर ताला लगाकर परिसर में प्रदर्शन किया। वे सुबह नौ बजे से लेकर रात आठ बजे तक अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। रात आठ बजे मीरगंज के तहसीलदार आशीष कुमार ने आश्वासन देकर उनका प्रदर्शन समाप्त कराया। तहसीलदार आशीष कुमार ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन से बातचीत हुई है। प्रबंधन ने 31 दिसंबर तक आईनसी की स्वीकृति मिलने की बात कही है। समझाने पर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थी लौट गए। नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य गौरव प्रताप सिंह राठौर ने बताया कि कॉलेज को आईएनसी से 31 दिसंबर तक स्वीकृति मिल जाएगी। छात्रों को किसी ने गुमराह कर दिया है। गलतफहमी के चलते वे प्रदर्शन कर रहे हैं।