बरेली में भारतीय किसान यूनियन टिकैत (भाकियू) के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को दोपहर 1:30 बजे के दौरान कलक्ट्रेट गेट पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। किसानों ने ट्रेड डील का विरोध किया। इसी दौरान एक किसान को कार की चपेट लग गई, जिससे वह और आक्रोशित हो गए। इसके बाद किसान कलक्ट्रेट गेट के सामने चौराहे पर ही जमीन पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। इस बीच कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं दोपहर 1:40 के दौरान किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा को ज्ञापन दिया। किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव शिशुपाल सिंह, जिला महासचिव सत्येंद्र सिंह, आंवला तहसील अध्यक्ष महाराज सिंह यादव समेत अन्य किसानों ने कहा कि 12 फरवरी 2026 को देशभर के किसान संगठन धरना प्रदर्शन एवं ज्ञापन के माध्यम से अमेरिका भारत व्यापार समझौते को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन भी अमेरिका भारत व्यापार समझौता को रद्द करने की मांग करती है क्योंकि अमेरिका भारत व्यापार समझौता किसान विरोधी कदम है। जिसे भारत के किसान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। किसानों ने कहा कि भारत की आत्मा गांव में बसती है। लेकिन, जिस तरह से यह व्यापार समझौता सामने आया है, उससे सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या किसानों की सहमति ली गई है? क्या उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई है?