बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव जोगीठेरा में 30 वर्षीय युवक अशोक की सिर में प्रहार करके हत्या कर दी गई। बुधवार देर रात उसका शव एक दुकान के पास खून से लथपथ हालत में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिवार के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। भाई संजीव ने बताया कि बृहस्पतिवार उनकी बहन की बरात आ रही है, इस लिहाज से घर में तैयारी चल रही थी। बुधवार रात पड़ोस में बरात आई थी। अशोक उसी बरात को देखने रात में घर से निकला था। थोड़ी देर बाद उन्हें सूचना मिली कि अशोक की हत्या कर दी गई है। रात में मौके पर आई पीआरवी ने भी एसओ अलीगंज अजय शुक्ला को हत्या की सूचना दी। पुलिस हत्या की वजह का पता करने में जुटी है।