बाराबंकी। तहसील हैदरगढ़ में अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार के चलते पिछले कई दिनों से न्यायिक और राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हैं। इसे लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने सोमवार से तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने के दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने तहसील में लंबित पड़े कार्यों को तत्काल शुरू कराने की मांग उठाई। इसी बीच अधिवक्ताओं और भाकियू कार्यकर्ताओं के बीच कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी हुई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। भाकियू नेताओं का कहना है कि कार्य बहिष्कार के कारण किसानों, भूमिधरों और आम नागरिकों के जरूरी कार्य लंबे समय से अटके हुए हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अधिवक्ताओं ने अपने आंदोलन को जायज बताते हुए अपनी मांगों के निराकरण तक संघर्ष जारी रखने की बात कही। वही अधिवक्ताओं का कहना है कि यह सब कुछ एसडीएम द्वारा ही करवाया जा रहा है।