बाराबंकी जिले में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और दिन चढ़ने के साथ ही मानो शाम उतर आई। सुबह करीब 8:30 बजे के बाद आसमान पर काले घने बादल इस तरह छा गए कि चारों ओर अंधेरा पसर गया। देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिसने शहर से लेकर गांव तक अफरातफरी का माहौल बना दिया। बारिश के साथ तेज गरज-चमक ने लोगों को सहमा दिया। हालात ऐसे बन गए कि दिन में ही घरों और दुकानों में दोबारा बल्ब जलाने पड़े। सड़कों पर चल रहे लोग अचानक बदले मौसम से बचने के लिए इधर-उधर शरण लेते नजर आए। बाजारों में भी रफ्तार थम गई और खुले में काम कर रहे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।