रामनगर क्षेत्र के चौकाघाट इलाके में मंगलवार देर रात एसटीएफ ने मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी अपराधी ज्ञानचंद पासी को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया। ज्ञानचंद्र पर हत्या, डकैती और लूट समेत 70 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ के अनुसार मंगलवार देर शाम इनपुट मिला था कि ज्ञानचंद बाराबंकी के रामनगर इलाके में छिपा हुआ है। जिसके पास एसटीएफ सक्रिय हुई और बुधवार शाम डिप्टी एसपी धर्मेश कुमार शाही के नेतृत्व में टीम ने चौकाघाट के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, एक राइफल,12 बोर की बंदूक बरामद की है। ज्ञानचंद गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव का निवासी है। पिछली वारदात से जुड़ रहा है तार गौरतलब है कि 24 अप्रैल की रात गोंडा में एक डकैती के दौरान बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी तभी से एसटीएफ इस गिरोह की तलाश में थी। आरोपी की गिरफ्तारी से उस वारदात के राज भी खुलने की उम्मीद है। इसके साथ ही बाराबंकी में उसकी उपस्थिति से यहां के कुछ अपराधों से भी तार जुड़ते नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।