बाराबंकी शहर में तेज धूप और गर्मी ने बुधवार लोगों को बेहाल कर दिया। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सड़कों पर निकले लोग चिलचिलाती धूप से बचने की कोशिश करते नजर आए। गर्मी से राहत पाने के लिए शहर के इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर कूलर और फ्रिज खरीदने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, पारंपरिक ठंडक के उपायों की ओर रुझान बढ़ा है। शहर के धनोखर चौराहे पर मिट्टी के घड़े खरीदने के लिए लोगों की भीड़ देखी गई। लोग गर्मी से बचाव के लिए हर संभव उपाय करते नजर आए। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है, जिससे शहरवासियों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।