बाराबंकी में सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के खजुरी गांव स्थित डॉक्टर रघुराज प्रताप सिंह की बाग में दो दिवसीय अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। बृहस्पतिवार को निर्णायक दिन अखाड़े में पहलवानों का जबरदस्त जोश देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से आए नए और उभरते पहलवानों ने एक-दूसरे के सामने अपनी ताकत, दांव-पेच और तकनीक का प्रदर्शन किया। दंगल के दौरान अखाड़ा तालियों और जयकारों से गूंजता रहा। मुकाबले कड़े और रोमांचक रहे। इनमें पहलवानों ने अंत तक हार नहीं मानी। विजेता पहलवानों को आयोजकों की ओर से अखाड़े में ही नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। ग्रामीणों में कुश्ती दंगल को लेकर खासा उत्साह नजर आया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं और पारंपरिक खेलों को जीवित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।