बाराबंकी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए शुक्रवार को मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत शहर में महिला पुलिस कर्मियों ने स्कूटी रैली निकाली। रैली के जरिए आमजन को महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू हुई इस रैली को एएसपी उत्तरी विकास चन्द्र त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्कूटी रैली कम्पनी बाग, बस अड्डा, पटेल तिराहा, नाका और पल्हरी होते हुए निर्धारित मार्ग से वापस पुलिस लाइन पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने शहरवासियों को जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना-चौकी से संपर्क करें। उन्होंने महिलाओं को निडर होकर आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। इस मौके पर सीओ सिटी संगम कुमार, सीओ रामनगर गरिमा पन्त, प्रतिसार निरीक्षक राजेश कुमार, यातायात प्रभारी रामयतन सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।