बाराबंकी में बहराइच-बाराबंकी हाईवे पर मसौली थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम बिंदौरा नहर के पास चलती कार में आग लग गई। कार सवार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई। इससे बड़ा हादसा टल गया। थोड़ी ही देर में आग इतनी तेज हो गई कि देखते ही देखते पूरी कार जल गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मसौली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक, आग बुझाने का प्रयास किया गया और यातायात को कुछ देर के लिए रोका गया था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।