बाराबंकी में एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति और वितरण में आ रही दिक्कतों के कारण लोगों को एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को दो-दो और तीन-तीन दिनों तक गैस एजेंसी आना पड़ रहा है, लेकिन फिर भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। तपती धूप में लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपने नंबर का इंतजार कर रहे हैं। जब बारी आती है तो एजेंसी की ओर से बताया जाता है कि ओटीपी नहीं आ रही है या सर्वर काम नहीं कर रहा है, जिसकी वजह से सिलेंडर जारी नहीं किया जा सकता। ऐसे में उपभोक्ताओं को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। शहर में काशीराम कॉलोनी के पास स्थित कर्नल एस.सी. चौधरी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं छाया क्षेत्र में स्थित भारत गैस एजेंसी पर भी महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोग धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो लोगों को घरेलू गैस के लिए और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।