बाराबंकी में चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन बृहस्पतिवार को जिले भर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। देवी मंदिरों और घरों में विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई तथा मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। शहर स्थित बड़ी देवी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक गतिविधियां जारी रहीं। शाम के समय मंदिर का वातावरण और भी भक्तिमय हो गया, जब महिलाओं ने एकत्र होकर माता के भजन-कीर्तन गाए। पूरे दिन चले इस धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।