बाराबंकी में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। कई क्षेत्रों में तेज हवा के साथ हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में सुबह से ही तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। इस समय अधिकांश किसानों की सरसों की फसल पककर खेतों में तैयार खड़ी है, जबकि गेहूं की फसल भी कटाई के करीब पहुंच चुकी है। ऐसे में अचानक हुई बारिश और तेज हवाओं से फसल गिरने तथा दाने खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसान अब मौसम के इस बदले मिजाज को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की सूचना है। ग्रामीण इलाकों में तेज हवा के साथ हुई बारिश से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो तैयार फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। किसानों ने प्रशासन से फसलों के नुकसान का आकलन कर उचित सहायता देने की मांग की है।