बलरामपुर में जबरन धर्मांतरण के आरोपी छांगुर को लेकर सियासी गर्मी तेज हो गई है। सदर विधायक पल्टूराम और तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर धर्मांतरण को राष्ट्र विरोधी गतिविधि करार देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छांगुर जैसे लोगों की वजह से समाज में वैमनस्य फैल रहा है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक पल्टूराम ने कहा कि धर्मांतरण के पीछे सुनियोजित साजिश चल रही है। भोली-भाली जनता को बहला-फुसलाकर उनका मतांतरण कराया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे कार्य करने वालों को किसी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ कठोरतम धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए। विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि छांगुर जैसे लोग धर्मगुरु की आड़ में समाज में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। यह न सिर्फ धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ है, बल्कि देश की अखंडता के साथ धोखा भी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी भी इस गतिविधि में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय है। दोनों विधायकों ने आमजन और संत समाज से अपील की कि वे सजग रहें और धर्मांतरण जैसे मामलों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि ऐसे तत्वों पर समय रहते कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस तरह की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी।