बलरामपुर: स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को माध्यमिक विद्यालयों की मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंगा आगाज किया गया। मंडलीय प्रतियोगिता के विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाकर मेडल जीते। दो दिवसीय प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल के चार जनपदों से करीब 500 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। मंडलीय प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल डॉ. मनोज कुमार सिंह, डीआईओएस मृदुला आनंद व जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिषेक कुमार ने किया। माध्यमिक विद्यालयों के छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत कर प्रतियोगिता का आगाज किया। सीनियर बालिका 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बहराइच की काजल ने प्रथम, श्रावस्ती की वंदना गोस्वामी ने द्वितीय व गोंडा की दिव्या सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर बालक 100 मीटर दौड़ में श्रावस्ती के अरविंद गोस्वामी को पहला, गोंडा के सौरभ कश्यप को दूसरा और बहराइच के शिवम कुमार को तीसरा सथान मिला। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ने मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। कहा कि अच्छा खिलाड़ी वही है जो दूसरे खिलाड़ियों का आगे बढ़कर मदद करें।