बलरामपुर में सादुल्लानगर पुलिस ने लॉजिस्टिक व माल ढुलाई के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने देवा तिवारी निवासी सादुल्लानगर और दीपक कुमार शुक्ला निवासी मनकापुर गोण्डा को संकटा चौराहा से दबोचा। उनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल व पांच कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी पहचान बनाकर कम दर पर ट्रांसपोर्ट सेवा का झांसा देते थे और एडवांस राशि अलग-अलग बैंक खातों में मंगाते थे। रकम आते ही एटीएम व चेक से निकालकर अन्य खातों में ट्रांसफर कर देते थे। जांच में 10 बैंक खाते मिले हैं, जिनसे जुड़े 11 साइबर शिकायतें सामने आईं। एक खाते में करीब 16 लाख रुपये के लेनदेन का पता चला है। दोनों पर हरियाणा में भी मुकदमा दर्ज है।