बलरामपुर में गदुरहवा मोहल्ला स्थित हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक बाबा हुरमत शाह के आस्ताने पर पांच दिवसीय सालाना उर्स रविवार की देर रात से शुरू हो गया। उर्स को लेकर मजार और आस्ताना परिसर को रंगीन लाइट व झालरों से सजाया गया है। आस्ताना कमेटी के सुपरवाइजर डॉ. तारिक अफजल सिद्दीकी ने बताया कि उर्स में हर साल कई जिलों से एहराम पोस वारिस मेहमानों का आना शुरू हो जाता है, इस बार भी काफी संख्या में एहराम पोस मेहमान आ चुके हैं। कमेटी द्वारा उनके रहने-खाने का पूरा इंतजाम किया गया है। कमेटी के सचिव हकीम निसार वारिस ने बताया कि उर्स के पहले दिन आस्ताने पर उलेमाओं का तकरीरी प्रोग्राम हुआ। उसके बाद मिलाद शरीफ का आयोजन किया गया। देर रात मौला अली का कुल शरीफ हुआ। आस्ताने पर अकीदतमंदों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।