भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. विनय सहस्त्र बुद्धे ने शनिवार को दिघार विद्युत उपकेंद्र के पास स्थित नए कंपोजिट विद्यालय का शुभारंभ किया। विद्यालय के उद्घाटन से क्षेत्र के बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। डॉ. विनय ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की नींव है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के माध्यम से हम गांव के बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जाए। विद्यालय के माध्यम से बच्चों को एक अच्छे भविष्य की दिशा में मार्गदर्शन मिलेगा। नए विद्यालय में कक्षाओं की व्यवस्था, पुस्तकालय, खेल मैदान और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि बच्चों का समग्र विकास हो सके। शिक्षा के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने कई योजनाओं पर काम किया है। निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि शिक्षित भारत होगा तभी विकसित भारत होगा। बैरिया विधानसभा क्षेत्र के हर बाजार में स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे। रात के समय में अंधेरे के कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विद्यालय के उद्घाटन के बाद बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया, जिसमें नृत्य, संगीत और नाटक जैसी प्रस्तुतियां दीं। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, प्रदेश मंत्री मीना चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र, एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह और आईआरटीएस निर्भय नारायण सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह उपस्थित रहे।