बलिया में सरयू नदी के बढ़ते कटान से प्रभावित बैरिया तहसील के गोपालपुर टाड़ी गांव में मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी कीमत पर गोपालपुर टाड़ी गांव को कटान से सुरक्षित रखा जाए। इसके लिए बाढ़ खंड को तत्काल तकनीकी उपाय अपनाकर लगभग 100 मीटर के दायरे में नदी की मुख्य धारा मोड़ने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि अब तक सरयू नदी के कटान में पांच मकान समाहित हो चुके हैं। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, बाढ़ खंड को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी बैरिया को गांव के सभी मकानों का सर्वे कर कटान की जद में आने वाले भवनों को चिह्नित करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कराने का आदेश दिया। आसपास के संवेदनशील गांवों को भी चिह्नित कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया।