जरवलरोड। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरयू नदी के ऊपर स्थित संजय सेतु (घाघराघाट पुल) पर मंगलवार को छोटे वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया गया। मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की जांच के उपरांत पुल को यातायात के लिए खोलने की अनुमति दे दी है। हालांकि बड़े वाहनों के संचालन पर फिलहाल रोक बरकरार रहेगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से पुल पर डेटिंग, पेंटिंग और अन्य तकनीकी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। साथ ही पुल पर कार्य में लगी मशीनरी और कर्मचारियों को भी हटा लिया गया है। इसके बाद प्रशासन ने छोटे वाहनों के आवागमन की अनुमति प्रदान कर दी। करीब डेढ़ माह से बंद पड़े पुल के कारण हजारों लोगों को वैकल्पिक मार्गों और पीपा पुल के सहारे सफर करना पड़ रहा था। पुल खुलने से बहराइच, बाराबंकी और गोंडा के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। जरवलरोड थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर फिलहाल छोटे वाहनों का संचालन शुरू कराया गया है। बड़े वाहनों के आवागमन की अनुमति 16 जून से दिए जाने की संभावना है। तब तक भारी वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करेंगे।