कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार सुबह बिछिया-आम्बा मार्ग पर एक हाथी ने साइकिल से जा रहे वृद्ध पर अचानक हमला कर दिया। हाथी ने वृद्ध को सूंड से पटकने के बाद उसकी साइकिल को पैरों तले रौंद डाला। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को राहगीरों ने किसी तरह हाथी के चंगुल से बचाकर घर पहुंचाया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली में भर्ती ग्रामीण की हालत गंभीर है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। आम्बा गांव निवासी वारिस अली (60) बुधवार सुबह करीब 10 बजे साइकिल से बिछिया बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे जंगल से निकले हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी काफी देर तक आक्रामक बना रहा और वारिस अली को सूंड में लपेटकर फेंक दिया साथ उनकी साइकिल को भी पैरों से कुचलता रहा। किसी तरह हाथी जंगल की ओर लौटने के बाद लोगों ने घायल को उठाकर घर पहुंचाया। घटना स्थल पर हाथी का गुस्सा साफ दिखाई दिया। उसने एक बड़ा पेड़ भी उखाड़ दिया, जबकि आसपास उसके पैरों के ताजा निशान भी मिले हैं। पीएचसी सुजौली के चिकित्सकों के अनुसार वृद्ध के शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। कतर्नियाघाट रेंज के वनक्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि सुबह से बिछिया-आम्बा और बिछिया-मिहींपुरवा मार्ग पर हाथियों की गतिविधियां देखी जा रही हैं। वनकर्मियों की अतिरिक्त टीमें गश्त पर लगा दी गई हैं, जबकि गजमित्रों को जंगल से सटे गांवों में लोगों को सतर्क करने और अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाने की सलाह देने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग ने लोगों से अकेले आवागमन से बचने और हाथी दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।