बहराइच के बिछिया के सुजौली वन रेंज के ग्राम पंचायत सुजौली के मजरा ईदगाहपुरवा में बीते कई दिनों से एक अजगर डेरा जमाए था। जो रविवार की सुबह रेंगते हुए गांव निवासी कल्लू के घर के पास पहुंच गया। विशालकाय अजगर देख कल्लू के परिजनों में चीख पुकार मच गई और लोग शोर मचाते हुए भागे। अजगर निकलने की सूचना पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना पर वन रक्षक मोहम्मद उमर वन टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अजगर का रेस्क्यू शुरू किया। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर पर काबू पाया और उसे बोरे में भरकर घने जंगलों में छोड़ा। अजगर के रेस्क्यू होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन रक्षक मोहम्मद उमर ने बताया कि अजगर की लंबाई 12 फीट थी और टीम में विकास और सूरज शुक्ला शामिल रहे।