फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच में बाघ ने महिला को बनाया निवाला, तेंदुए ने सात साल के मासूम का किया शिकार

यूपी के बहराइच में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में शुक्रवार को वन्यजीवों के हमले की दो घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी। धर्मापुर रेंज में बकरियां चराने खेत गई महिला बाघ के हमले का शिकार हो गई। जबकि, मोतीपुर रेंज में सात वर्षीय मासूम को तेंदुआ झाड़ियों में खींच ले गया। देर शाम मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। वहीं महिला का केवल पैर का हिस्सा मिला है। उसके अन्य अवशेषों की तलाश वन विभाग की टीम कर रही है। धर्मापुर रेंज के गुजरहना गांव निवासी जमिया (55) शुक्रवार दोपहर करीब 2.00 बजे बकरियां चराने खेत गई थीं। शाम करीब 7.00 बजे बकरियां तो घर लौट आईं, लेकिन जमिया के वापस नहीं आने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान महिला के पैर का हिस्सा मिला। आसपास बाघ के पदचिह्न भी मिले हैं। वन क्षेत्राधिकारी दीपक मिश्रा ने बताया कि महिला के लापता होने और अवशेष मिलने की सूचना पर टीम को मौके पर भेजा गया है। वन्यजीव की पहचान और घटना की जांच की जा रही है। उधर, मोतीपुर रेंज के चमारन पुरवा निवासी सूरज (7) शुक्रवार दोपहर एक अन्य बच्चे के साथ खेत की ओर गया था। इसी दौरान झाड़ियों से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर उसे खींच लिया। साथ मौजूद बच्चा किसी तरह भागकर गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बालक की तलाश शुरू की। शाम करीब 6.00 बजे झाड़ियों के पास सूरज का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की है। दोनों घटनाओं के बाद जंगल से सटे गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने हमलावर वन्यजीवों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि दोनों घटनाओं की सूचना मिली है। वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बरसात के मौसम में जंगल और खेतों के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें