बागपत जनपद में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार नफीस (22) की मौत हो गई। मृतक युवक बड़ौत में अपने साथियों के साथ ईद मनाकर वापस लौट रहा था। मोहल्ला केतीपुरा की नई बस्ती का रहने वाले हनीफ ने बताया कि ईद के अगले दिन उसका बेटा नफीस अपने दोस्तों को दावत देने के लिए बड़ौत गया था। मंगलवार देर रात बड़ौत से वापस लौटते समय जैसे ही सरूरपुर कलां गांव के ईंट भट्ठे पर पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में नफीस की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। हनीफ ने बताया कि उसके परिवार में सात बच्चों में मृतक नफीस दूसरे नम्बर का था और टटीरी के जंगल मे ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था।