बागपत में भाजपा के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने जिला पंचायत कार्यालय से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा कोर्ट रोड, पंजाबी हनुमान मंदिर, सराफा बाजार, गांधी बाजार और शौकत मार्केट होते हुए राष्ट्र वंदना चौक पहुंची। यहां शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में स्कूली बच्चे और एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।