बागपत जनपद के ललियाना गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। मुख्य मार्ग पर पिछले दो साल से कूड़े का अंबार जमा है, जिसकी दुर्गंध से ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है। स्थिति यह है कि आसपास के लगभग 50 घरों के लोग हर रोज इस समस्या से जूझ रहे हैं। राहगीरों को भी कूड़े के कारण इस मार्ग से निकलना मुश्किल हो रहा है। गांव के ग्रामीण राजबीर सिंह हवलदार, कर्मबीर और बिजेंद्र देवी का कहना है कि सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाने के बजाय मुख्य मार्ग पर ही डाल देते हैं। तेज हवा चलने पर यह कूड़ा घरों तक पहुंच जाता है, जिससे घरों के अंदर भी गंदगी और दुर्गंध फैल जाती है। लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण मच्छरों की भरमार हो गई है। इससे संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई बार बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने तक में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध से स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान और उच्च अधिकारियों से की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने अब प्रदर्शन कर जिलाधिकारी (डीएम) से जल्द समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द सफाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।