छपरौली में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह की पत्नी चारू चौधरी ने चौधरी चरण सिंह पुस्तकालय का निरीक्षण किया। ग्रामीणों और राष्ट्रीय लोकदल पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। चारू चौधरी ने पुस्तकालय परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययन कर रही छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्यों और पठन-पाठन से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। चारू चौधरी ने बताया कि किसान ट्रस्ट की ओर से पुस्तकालय में शिक्षा के साथ युवाओं के शारीरिक विकास के लिए बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसी खेल सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इस अवसर पर छपरौली विधायक डॉ. अजय कुमार, रालोद जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर, ज्ञानेंद्र खोखर समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।