बड़ौत में पूर्वी यमुना नहर में शनिवार सुबह एक अज्ञात बुजुर्ग का शव बहते हुए ग्रामीणों ने देखा। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू कर दी। बुजुर्ग की उम्र करीब 65 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार शव पर चोट के निशान नही हैं, जिससे प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बुजुर्ग खेत में काम कर रहा होगा, तभी पैर फिसल कर नहर में गिर गया हो। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही लग पाएगा। शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण फूल चुका था। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में फोटो भेज दी है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सीओ विजय कुमार ने शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आसपास के इलाकों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है।