-सांसद डा. राजकुमार सांगवान के उद्घाटन करने के बाद वाहनों के लिए खोला गया
-बड़ौत समेत 50 से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में मिलेगी सुविधा
फोटो संख्या 2
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बिनौली मार्ग पर अंडरपास का रविवार को सांसद डाॅ़ राजकुमार सांगवान ने उद्घाटन किया, जिसे उसके बाद खोल दिया गया। इससे करीब 50 गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ढाई साल इंतजार के बाद अंडरपास से वाहनों का आवागमन शुरू होने पर लोगों ने खुशी जताई।
अंडरपास का उद्घाटन करते हुए डाॅ़ राजकुमार सांगवान ने कहा कि लंबे समय से लोगों को आवागमन मेंं परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस कारण आसपास के दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा था। अंडरपास के खुलने से नगर समेत वाजिदपुर, जौहड़ी, सिरसली, बिजवाड़ा, हिलवाड़ी, बिजरौल समेत 50 गांव के लोगों को सुविधा मिलेगी। वहीं अंडरपास से जैसे ही वाहनों का संचालन शुरू हुआ तो लोगों ने खुशी जताई। इस मौके पर रालोद नेता अश्वनी तोमर, वरुण तोमर, डॉ़ संजीव आर्य, राजू तोमर सिरसली, रेलवे एक्सईएन शिव कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुजीत कुमार, स्टेशन अधीक्षक सुधीर कुमार आदि उपस्थित रहे।
-दो माह बाद ओवरब्रिज से गुजरेंगे वाहन
रेलवे एक्सईएन शिव कुमार ने बताया कि बिनौली मार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज तैयार होने में अभी दो माह का समय लगेगा। इसके बाद इससे भी वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा और कार्य को तेजी के साथ किया जाएगा।
-बिजरौल मार्ग अंडरपास निर्माण आज से शुरू होगा, छह माह में बनेगा
रेलवे अधिकारी ने बताया कि बिजरौल मार्ग पर अंडरपास निर्माण कार्य सोमवार से शुरू किया जाएगा। इसे बनाने में करीब छह माह का समय लगेगा। निर्माण शुरू होने के दो माह बाद बिनौली मार्ग की तरह इसको भी वाहनों के लिए पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा।
पिछले कई साल से लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अंडरपास खुलने से लोगों को सुविधा मिलेगी। अब कई किमी की ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। -सोनू
अंडरपास से वाहनों का संचालन शुरू होने से आम जनता के साथ दुकानदारों को भी राहत मिलेगी, जिनका व्यापार प्रभावित हो रहा था। अब ओवरब्रिज भी जल्द शुरू होना चाहिए। -कुलदीप
अंडरपास के बाद ओवरब्रिज चालू करने के लिए सेतु निगम के अधिकारियों को तेजी के साथ कार्य करना चाहिए ताकि लोगों को जल्द दूसरी बार खुशी मिले। -अमन बंसल
अंडरपास बनाने में ज्यादा समय लगाया, इस कारण आवागमन बंद होने से दुकानरों पर ज्याद प्रभाव पड़ा। मगर, अब इसके शुरू होने से लोगों को फायदा मिलेगा। -वासु