आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के हरैया चट्टी स्थित आर्य नंदिनी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो जाने पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही और बिना अनुमति ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए आजमगढ़-मऊ मुख्य मार्ग जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची सीओ सदर आस्था जायसवाल और थाना प्रभारी शशिचंद्र चौधरी ने परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराया। मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के भीरा गांव निवासी जयहिंद चौहान ने मुबारकपुर थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी 52 वर्षीय मां श्याम दुलारी को 14 जुलाई की शाम पेट में दर्द होने पर हरैया चट्टी स्थित आर्य नंदिनी नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने बताया कि उन्हें हर्निया है और ऑपरेशन 16 जुलाई को किया जाएगा। परिजनों का आरोप है कि उनकी अनुमति के बिना बुधवार दोपहर महिला को ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर ऑपरेशन कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद करीब दो घंटे तक उन्हें महिला की स्थिति की जानकारी नहीं दी गई। बाद में चिकित्सक उन्हें अपनी गाड़ी से शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने श्याम दुलारी को मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि इसके बाद भी शव परिजनों को तत्काल नहीं सौंपा गया, जिससे आक्रोशित होकर उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मामले की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।