आजमगढ़ में थाना अहरौला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 300 ग्राम नाजायज गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ 15 जनवरी को फुलवरिया बाजार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बरामदपुर पुलिया के पास एक चबूतरे पर बने छप्पर में एक व्यक्ति अटैची लेकर बैठा है, जिसमें नाजायज मादक पदार्थ है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम सोनू कुमार, निवासी ग्राम विशुनपुरा, थाना बिहटा, जनपद पटना (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान उसकी अटैची से 10 किलो 300 ग्राम नाजायज गांजा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना अहरौला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों वाराणसी, आजमगढ़, मऊ और बलिया में बेचता था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।