जिले के कालीनगंज रोड स्थित पंचशील वाटिका में शनिवार की शाम विचार परिवार द्वारा भव्य फाल्गुनोत्सव एवं नव-संवत्सर स्वागत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शाम पांच बजे शुरू हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में जिला एवं नगरवासी सपरिवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके बाद होली मिलन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। मुख्य वक्ता के रूप में गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश जी उपस्थित रहे। उन्होंने भारतीय नव-संवत्सर के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को संगठित, संस्कारित एवं राष्ट्रनिष्ठ जीवन जीने का संदेश दिया। उन्होंने होली पर्व को सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक बताते हुए आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया। भोजपुरी के सुप्रसिद्ध युवा कलाकार आर्यन बाबू (लिटिल स्टार, गायक एवं अभिनेता) ने अपने लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीतों पर उपस्थित लोग झूम उठे और पूरा परिसर उत्साह एवं आनंद से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में सह-संचालक राजेन्द्र, विभाग प्रचारक दीनानाथ, रवि शंकर (प्रांत), कामेश्वर (जिला संचालक), अजय (सह जिला संचालक), सह विभाग कार्यवाह रवि, जिला प्रचारक रमाकांत, जिला कार्यवाह अरुण पाल, तेज, सत्य विजय राय, अभय दत्त गौड़ सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय, जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह, अखिलेश मिश्रा, सूरज श्रीवास्तव, सिद्धांत सिंह, लक्ष्मण मौर्य एवं अन्य वरिष्ठ एवं कनिष्ठ भाजपा नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।